हिमाचल प्रदेश

टैक्सी संचालकों के पक्ष में उतरी भाजपा, चक्काजाम व विरोध प्रदर्शन की दी धमकी

Shantanu Roy
11 Oct 2023 10:10 AM GMT
टैक्सी संचालकों के पक्ष में उतरी भाजपा, चक्काजाम व विरोध प्रदर्शन की दी धमकी
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा ने टैक्सी संचालकों पर टैक्स लगाने का विरोध किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि यदि सरकार इसको वापस नहीं लेती तो टैक्सी संचालकों के साथ मिलकर कई स्थानों पर चक्का जाम और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। डाॅ. राजीव बिंदल यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय दीप कमल में संसदीय क्षेत्र शिमला लोकसभा प्रवास योजना बैठक को संबोधित कर रहे थे। संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष एवं लोकसभा प्रभारी नरेश बंसल, सांसद सुरेश कश्यप व डाॅ. सिकंदर कुमार, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक बलबीर वर्मा व रीना कश्यप एवं प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा विशेष रूप से मौजूद थे।
डाॅ. राजीव बिंदल ने प्रदेश में पर्यटन कारोबार के प्रभावित रहने का मुख्य कारण टैक्सी संचालकों पर टैक्स लगाना बताया। उन्होंने कहा कि आज ऐसे हालात खड़े हो गए हैं कि पड़ोसी राज्य के टैक्सी संचालक टैक्स लगाए जाने के कारण पर्यटकों को प्रदेश में लाने से मना कर रहे हैं। भाजपा को टैक्स लगाए जाने पर आपत्ति नहीं है लेकिन इससे प्रदेश का पर्यटन कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डीजल महंगा होने से महंगाई बढ़ी है। इस कारण आपदा से त्रस्त जनता पर दोहरी मार पड़ी है। केंद्र सरकार रसोई गैस सिलैंडर पर आम जनता को राहत प्रदान कर रही है लेकिन प्रदेश में हालात इसके विपरीत हैं। कांग्रेस सरकार ने 10 महीने के अंदर 1500 करोड़ रुपए डीजल के दाम बढ़ाकर जनता की जेब से निकाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अप्रत्यक्ष कर लगाकर लगातार महंगाई को बढ़ावा दे रही है।
Next Story