हिमाचल प्रदेश

पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, दिल्ली व पंजाब से 2 चिट्टा सप्लायर गिरफ्तार

Shantanu Roy
2 Sep 2023 11:16 AM GMT
पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, दिल्ली व पंजाब से 2 चिट्टा सप्लायर गिरफ्तार
x
सोलन। सोलन पुलिस ने हिमाचल में चिट्टा तस्करी करने के 2 मामलों में दिल्ली व पंजाब से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले पुलिस ने एक नाइजीरियन को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी को सोलन लाया जा रहा है। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि शहर पुलिस चौकी की टीम ने कुछ दिनों पहले एक आरोपी शिवम निवासी बसाल को 5.42 ग्राम हैरोइन के साथ दबोचा था। इस केस में जांच के बाद सौरव निवासी पंचकूला को भी हैरोइन सप्लाई के मामले में गिरफ्तार किया गया। जांच में पुलिस ने पाया कि यह स्मगलर 2 वर्षों से लगातार चिट्टा की सप्लाई सोलन जिला के स्थानीय युवकों को कर रहा था। आरोपी सौरव को 5 दिनों के पुलिस रिमांड पर लेकर जांच को आगे बढ़ाया तो पता चला कि चिट्टे की खेप दिल्ली से एक नाइजीरियन से लाई गई थी। वह पिछले कई वर्षों से उससे चिट्टे की खरीद-फरोख्त कर रहा था। आरोपी सौरव पंचकूला में अस्थायी तौर पर रह रहा था। इसका स्थायी पता उत्तम नगर दिल्ली का है। सौरव से पूछताछ में भी पता चला कि उसे हरियाणा पुलिस ने भी चिट्टे की तस्करी करते हुए पकड़ा था।
चिट्टे के मुख्य सप्लायर नाइजीरियन को पकड़ने के लिए सोलन पुलिस की एक स्पैशल टीम गठित की गई, जिसने दिल्ली जाकर आरोपी के ठिकाने का पता लगा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नाइजीरियन आनकेया चिट्टे का एक बड़ा सप्लायर है। यह भारत में गैर-कानूनी तरीके से बिना पासपोर्ट व वीजा के रह रहा था। इसके खिलाफ फोरनर एक्ट के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई है। आरोपी द्वारा अपराध के दौरान इस्तेमाल किए गए टू व्हीलर को भी जब्त करके लाया गया है। दूसरे मामले में पुलिस ने पंजाब के एक चिट्टा सप्लायर को गिरफ्तार किया है। एसपी गौरव सिंह ने बताया पुलिस की टीम ने धर्मपुर के सनवारा क्षेत्र में चिट्टा तस्करी करने वाले एक गिरोह के 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोपी विपुल वर्मा, यशपाल ठाकुर, परमजीत सिंह व अनमोल विश्वकर्मा के कब्जे से 16.10 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस पर धर्मपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि लुधियाना के 2 आरोपियों ने सनवारा में शिमला के 2 युवाओं को चिट्टे की डिलीवरी दी थी। इसके लिए इनके द्वारा आधा भुगतान ही किया गया और बकाया भुगतान के लिए इन दोनों युवाओं ने इसे शिमला में अन्य युवाओं को आगे बेचने का सौदा भी किया। इससे मिलने वाले मुनाफे से बाकी का भुगतान करना था। जांच के दौरान लुधियाना के दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें पता चला कि वे चिट्टे की खेप को लुधियाना निवासी नवी नामक व्यक्ति से खरीद कर लाए थे। सोलन पुलिस की टीम द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया है। यह आरोपी चिट्टे का एक बड़ा सप्लायर है। वह 2016 से चिट्टे की तस्करी कर रहा है। 2020 में उसे पंजाब पुलिस ने चिट्टा तस्करी के केस में गिरफ्तार भी किया था। इसके खिलाफ अन्य मुकद्दमे भी पंजीकृत हैं, जिनकी डिटेल ली जा रही है।
Next Story