हिमाचल प्रदेश

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत किए जा रहे निर्माण कार्य फिर सवालों के घेरे में, शिमला शहर में बनने से पहले ही ढह गया एक और पार्क

Renuka Sahu
9 March 2022 6:31 AM GMT
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत किए जा रहे निर्माण कार्य फिर सवालों के घेरे में, शिमला शहर में बनने से पहले ही ढह गया एक और पार्क
x

फाइल फोटो 

हिमाचल प्रदेश की राजधानी में शिमला स्मार्ट सिटी मिशन के तहत किए जा रहे निर्माण कार्य फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हिमाचल प्रदेश की राजधानी में शिमला स्मार्ट सिटी मिशन के तहत किए जा रहे निर्माण कार्य फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं। इस मिशन के तहत शहर में बन रहा एक और पार्क बनने से पहले ही ढह गया। यह पार्क छोटा शिमला वार्ड में बनी बहुमंजिला पार्किंग के पास बन रहा था। स्थानीय पार्षद के अनुसार करीब 15 लाख रुपये की लागत से वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह पार्क बनाया जा रहा था। कुछ महीने पहले इसका काम शुरू करवाया था। पुराने डंगे पर बन रहे इस पार्क की ऊंचाई काफी ज्यादा उठा दी। इसकी शिकायत निगम अधिकारियों को की थी। निगम ने ठेकेदार का पैसा रोक दिया लेकिन इसी बीच बारिश और बर्फबारी के चलते पार्क का एक हिस्सा ढह गया। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए और पार्षद को भी इसकी शिकायत दे दी।

लोगों का कहना है कि निगम ने निर्माण कार्य के दौरान काम की गुणवत्ता चेक नहीं की। पुराने डंगे पर ही पार्क बना दिया जो एक बारिश भी नहीं झेल पाया। पार्षद ने नगर निगम अधिकारियों को इसकी शिकायत दी। निगम की टीम मौके पर पहुंची और ठेकेदार को नोटिस जारी कर ढहे हिस्से का काम करने के निर्देश दिए। पार्षद विदुषी शर्मा ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता नहीं थी। ठेकेदार ने मनमर्जी से काम किया है। नगर निगम प्रशासन को इस मामले पर कार्रवाई के लिए कहा है।
भुगतान रोका, नोटिस जारी : अभियंता
नगर निगम के सहायक अभियंता गोपेश बहल ने कहा कि इस मामले की शिकायत मिली है। निरीक्षण करने के बाद ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। इसे अभी पैसों का भुगतान नहीं किया है।
गंज में उद्घाटन के बाद दरक गया था पार्क
शहर के गंज बाजार में भी नगर निगम का ओपन जिम पार्क उद्घाटन के चंद दिन बाद ही दरक गया था। इसका उद्घाटन शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने किया था। नगर निगम को इस पार्क से सभी जिम उपकरण हटाकर पूरा पार्क तोड़ना पड़ा था। अभी तक यह पार्क दोबारा नहीं बनाया गया। बस स्टैंड के नीचे लालपानी में भी एक पुराने डंगे पर ही निगम ने रिटेनिंग वॉल लगा दी थी जो चंद महीने में ही दरक गई।
Next Story