हिमाचल प्रदेश

अग्निहोत्री ने जन्मदिन पर रोगियों का जाना कुशलक्षेम, लंगर में की सेवा

Shantanu Roy
10 Oct 2023 9:21 AM GMT
अग्निहोत्री ने जन्मदिन पर रोगियों का जाना कुशलक्षेम, लंगर में की सेवा
x
हरोली। हरोली विधानसभा क्षेत्र से निरंतर 5वीं बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को अपना जन्मदिन सादगी भरे अंदाज में मनाया। जन्मदिवस के मौके पर सर्वप्रथम उन्होंने सिविल अस्पताल हरोली में आयुष्मान भव योजना के तहत आयोजित स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर सभी रोगियों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने अस्पताल परिसर में अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया तथा अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके तुरंत बाद उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट के सहयोग से मरीजों के तीमारदारों तथा अन्य लोगों के लिए तैयार किए गए लंगर में सेवा की तथा खुद लोगों को लंगर बांटा।
बाद दोपहर घालुवाल पहुंचने पर जिला ऊना के विभिन्न क्षेत्रों के आए लोगों ने उपमुख्यमंत्री को जन्मदिवस के अवसर की बधाई तथा स्वस्थ व खुशहाल भविष्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डा. आस्था अग्निहोत्री, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र भुट्टो, ङ्क्षचतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू, ऊना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अशोक ठाकुर व वीरेंद्र मनकोटिया, हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे। डिप्टी सी.एम. के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऊना प्रशासन के माध्यम से बधाई संदेश व केक भेजा, जिसे ए.डी.एम. ऊना खुद लेकर आए।
Next Story