हिमाचल प्रदेश

सुजानपुर में 602 खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर

Shantanu Roy
11 Oct 2023 12:12 PM GMT
सुजानपुर में 602 खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर
x
सुजानपुर। ऐतिहासिक चौगान सुजानपुर में चार दिवसीय अंडर-12 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार से हो गया। इसमें बतौर मुख्यातिथि के रूप में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं वार्ड चार के पार्षद मनोज ठाकुर ने कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। वहीं खिलाड़ी बच्चों ने शानदार परेड करते हुए मुख्यातिथि को सलामी दी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। मुख्यातिथि पार्षद मनोज ठाकुर ने खिलाडिय़ों को कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलते हुए भाईचारे का संदेश देना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ी बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने से शारीरिक तथा मानसिक विकास होता है।
उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ खेलों का महत्त्व समझाते हुए खेलों में बढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए अपनी ओर से 21 हजार की नकद राशि भेंट की। खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब वाहवाही लूटी व आयोजकों ने तालियां बजाकर हौसला बढ़ाया। चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिला हमीरपुर के छह ब्लॉक जिनमें हमीरपुर, सुजानपुर, बिझड़ी, नादौन, भोरंज, गलोड़ के करीब 602 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खेलों में कबड्डी, वालीबाल, बैडमिंटन, बास्केटबाल, एथलेटिक्स तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मनोनीत पार्षद आशुतोष शर्मा, खंड अधिकारी जोगिंद्र सिंह, अश्विनी कुमार, मनीष गुप्ता मोनू, प्रदीप शर्मा, रजनीश आदि मौजूद रहे।
Next Story