हिमाचल प्रदेश

हिमाचल बजट सत्र में गूंजेंगे 1069 प्रश्न, परमार बोले- अभी 28 फरवरी तक सवाल दे सकेंगे विधायक

Renuka Sahu
23 Feb 2022 2:56 AM GMT
हिमाचल बजट सत्र में गूंजेंगे 1069 प्रश्न, परमार बोले- अभी 28 फरवरी तक सवाल दे सकेंगे विधायक
x

फाइल फोटो 

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के लिए अब तक 1069 सवाल आए हैं। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के लिए अब तक 1069 सवाल आए हैं। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सत्र को लेकर अब तक 1,069 प्रश्न पूछे गए हैं, जिसमें 722 तारांकित व 347 अतारांकित प्रश्न हैं। इसमें से 700 सवाल ऑनलाइन पूछे गए हैं, जबकि पेपरलैस विधानसभा में 369 सवाल ऑफलाइन पूछे गए हैं। नियम-101 के तहत 6 तथा 130 के तहत चर्चा के लिए 5 नोटिस मिले हैं। पक्ष-विपक्ष के विधायकों की तरफ से 28 फरवरी तक सवालों को पूछा जा सकता है। सत्र की शुरुआत बुधवार यानी 23 फरवरी से राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के अभिभाषण से होगी। 15 मार्च तक चलने वाले बजट सत्र में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चार मार्च को वित्तीय वर्ष, 2022-23 के लगातार अपने पांचवें बजट को प्रस्तुत करेंगे। सत्र के दौरान कुल 16 बैठकें होंगी। वर्तमान सरकार का यह अंतिम बजट सत्र है, जिसके हंगामेदार रहने के पूरे आसार है। विधानसभा अध्यक्ष विपिन ङ्क्षसह परमार ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने, नशाखोरी, पर्यटन, परिवहन, एन.पी.एस., सडक़ों की डी.पी.आर., शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थानों का दर्जा बढ़ाने जैसे विषयों को लेकर सवाल पूछे गए हैं। उन्होंने कहा कि दर्शक दीर्घा में 50 फीसदी क्षमता के साथ आगंतुकों को आने की अनुमति होगी। विधानसभा में कोरोना टेस्टिंग, डिस्पेंसरी से लेकर आइसोलेशन रूम तक का इंतजाम किया गया है। दर्शक दीर्घाओं को भी 50 फीसदी आक्यूपेंसी के साथ खोला जा रहा है।

सर्वदलीय बैठक में मांगा सहयोग
विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने सत्र संचालन के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई। इसमें सरकार की ओर से संसदीय कार्यमंत्री सुरेश भारद्वाज तथा विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री और माकपा विधायक राकेश सिंघा ने भाग लिया। उन्होंने इस दौरान पक्ष-विपक्ष से सहयोग मागा।
Next Story