हरियाणा

Yamunanagar: यमुनानगर में युवती का शव मिलने से हड़कंप, माथे पर चोट के निशान

Admindelhi1
9 Sept 2026 5:29 PM IST
Yamunanagar: यमुनानगर में युवती का शव मिलने से हड़कंप, माथे पर चोट के निशान
x
हाईवे किनारे युवती का शव बरामद, माथे पर चोट के निशान मिले

यमुनानगर: यमुनानगर में पंचकूला-सहारनपुर हाईवे पर रुहला खेड़ी गांव के समीप बुधवार सुबह खेतों में बनी पानी की खाल से करीब 30-32 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। युवती के शरीर पर केवल अंत:वस्त्र थे, जबकि आसपास उसके कपड़े भी नहीं मिले। गले में मंगलसूत्र और पैरों में पाजेब मिली है। माथे पर चोट का निशान भी पाया गया है। शव मिलने की सूचना पर डीएसपी राजीव मिगलानी के नेतृत्व में जगाधरी थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस को मौके से ऐसी कोई वस्तु या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे युवती की पहचान हो सके। डीएसपी राजीव मिगलानी के अनुसार, शुरुआती जांच में युवती की हत्या कर शव को हाईवे किनारे फेंके जाने की आशंका है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जगाधरी सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। युवती की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही हैं। साथ ही पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है, ताकि पिछले कुछ दिनों में किसी महिला या युवती के लापता होने की जानकारी मिल सके। पुलिस हाईवे और आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध अन्य सुरागों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक पहचान होने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है।

Next Story