हरियाणा

Yamunanagar: पुल रेलिंग टूटने से यमुना नहर में गिरी स्कॉर्पियो

Admindelhi1
8 Jun 2025 2:13 PM IST
Yamunanagar: पुल रेलिंग टूटने से यमुना नहर में गिरी स्कॉर्पियो
x
"चालक की बहादुरी से बची जान"

यमुनानगर: यमुनानगर जिले के छछरौली थाने के अंतर्गत आने वाले दादूपुर हेड पर देर रात बड़ा हादसा हो गया यहां सफेद रंग की स्कॉर्पियो यमुना नहर में समा गई। गनीमत यह रही कि समय रहते कार के ड्राइवर ने छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। यह हादसा गाय के आगे आने से हुआ। ड्राइवर ने समय रहते छलांग लगा दी नहीं तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी।

स्कॉर्पियो ड्राइवर की मानें तो वह देर रात जगाधरी से अपने गांव बेगमपुर आ रहा था जैसे ही वह दादूपुर हेड पर बने पुल के पास पहुंचा तो उसके सामने से एक गाय आ गई जिसके बाद स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई। जब तक वह स्कॉर्पियो को कंट्रोल करता तब तक कार रेलिंग तोड़ चुकी थी और वह पुल के किनारे लटक गई। इस दौरान स्कॉर्पियो ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्कॉर्पियो से छलांग मार कर अपनी जान बचाई।

हादसे के बाद कार ड्राइवर पूरी तरह से डर गया। उसका फोन स्विच ऑफ हो गया और उसने कई किलोमीटर दूर आकर अपने साथी को पूरा घटनाक्रम बताया। उसके दोस्त ने फोन से स्कॉर्पियो मालिक और बेगमपुर के सरपंच पंकज को कॉल की। सुबह गोताखोर की मदद से स्कॉर्पियो को निकाला गया। गोताखोर राजीव को स्कॉर्पियो की तलाश में काफी परेशानी आई। क्योंकि जिस जगह स्कॉर्पियो पानी में समाई थी उससे कई मीटर दूर जाकर वह स्कॉर्पियो मिली है, क्योंकि पानी का बहाव काफी तेज था।

वहीं स्कॉर्पियो के मालिक पंकज गुर्जर ने बताया कि ड्राइवर ने हमें फोन कर जानकारी दी कि दादूपुर हेड पर स्कॉर्पियो पानी में बह गई है। इसके बाद हमने प्रशासन की मदद स्कॉर्पियो को बाहर निकाला लेकिन कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में स्कॉर्पियो चालक की जान बच गई। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा पुल की रेलिंग बहुत कमजोर है यहां कई बार हादसे हो चुके हैं। ऐसे में प्रशासन को पुल की रेलिंग को मजबूत करना चाहिए ताकि हादसे टल सकें।

Next Story