हरियाणा

हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, आज भी बारिश के आसार, यमुनानगर में सर्वाधिक 26 एमएम बरसात

Renuka Sahu
4 Feb 2022 1:41 AM GMT
हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, आज भी बारिश के आसार, यमुनानगर में सर्वाधिक 26 एमएम बरसात
x

फाइल फोटो 

गुरुवार सुबह शुरू हुई बारिश चंडीगढ़ में रात तक जारी रही। पूरे दिन हवाएं चलती रहीं, जिससे करीब आठ डिग्री तापमान गिर गया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। गुरुवार सुबह शुरू हुई बारिश चंडीगढ़ में रात तक जारी रही। पूरे दिन हवाएं चलती रहीं, जिससे करीब आठ डिग्री तापमान गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, हल्की बारिश के आसार हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बारिश और सर्द हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

गुरुवार को पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 8.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से ये बारिश हो रही है। जनवरी माह में तो मानसून जैसी बरसात हुई है। चंडीगढ़ में एक जनवरी से लेकर गुरुवार शाम तक 215.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। ये औसत से 310 फीसदी ज्यादा है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी हल्की बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखी जाएगी, जिससे ठंड भी बढ़ेगी। हल्की बारिश से अधिकतम तापमान में 8 डिग्री की गिरावट के साथ 12.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो दिन बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होती रहेगी। इसके अलावा चंडीगढ़ सहित पंचकूला और मोहाली के कुछ हिस्सों में सुबह और शाम घना कोहरा भी छा सकता है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहने के आसार हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते हरियाणा में शुक्रवार को भी बारिश के आसार हैं। गुरुवार को जीटी बेल्ट के जिलों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई। अन्य जिलों में भी बारिश हुई। धुंध, बादल और बारिश के चलते दिन का पारा सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। सिरसा और फतेहाबाद में अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार उत्तरी हरियाणा के जिलों में बारिश से फसलों में नुकसान हुआ है, जबकि दक्षिण हरियाणा में गेहूं की फसल को लाभ होगा। गुरुवार को दिनभर पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र समेत जिलों में बारिश जारी रही। गुरुवार शाम पांच बजे तक पिछले 36 घंटों के दौरान यमुनानगर में सर्वाधिक 26 एमएम बारिश हुई। पंचकूला में 8.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को भी हरियाणा के इलाकों में बारिश होगी। इसके बाद मौसम साफ रहेगा और धुंध का दौर शुरू होगा। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
Next Story