हरियाणा
रोजाना गिर रहे पेड़ों ने लोगों के मन में पैदा किया खौफ
Gulabi Jagat
17 July 2022 10:51 PM IST

x
हरियाणा न्यूज
चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में पेड़ों की हरियाली शहर की शान रही है, लेकिन इस बार हरे भरे पेड़ लोगों के मन में डर पैदा कर रहे हैं। क्योंकि आए दिन शहर में कहीं न कहीं पेड़ गिरने की घटनाएं हो रही हैं। रोजाना हो रहे हादसों ने मन में इतना भय पैदा कर दिया है कि अब इनके नीचे से निकलने में भी कोई सुरक्षित महसूस नहीं करता।
इतना ही नहीं गर्मी में जिन पेड़ों को धूप से बचाने के लिए अच्छी पार्किंग समझा जाता था अब उनके नीचे कार पार्क करने से भी लोग डर रहे हैं। इसका कारण यह है कि आए दिन कहीं न कहीं पेड़ गिर रहे हैं। तीन दिनों में दो पेड़ कारों पर गिर चुके हैं। इससे किसी की मौत तो नहीं हुई लेकिन लोग बाल बाल बचे हैं। हालांकि जिन वाहनों पर पेड़ की बड़ी बड़ी टहनियां टूटकर गिरी हैं उन्हें ज्यादा क्षति पहुंची है।
पहले सेक्टर-46 और रविवार को सेक्टर-43 में पेड़ कार पर गिरा। इसके बाद से अब लोगों के मन में डर बढ़ रहा है। अब तो चलती कार पर पेड़ गिर रहे हैं। इससे लोगों को पास से गुजरने में भी चिंता होने लगी है। इन पेड़ों ने गिरकर प्रशासन और नगर निगम की पोल खोल दी है। जो पेड़ गिर रहे हैं वह सभी ऊपर से हरे-भरे हैं लेकिन अंदर से खोखले मिल रहे हैं। इनकी जड़ाें को दीमक ने खत्म कर रखा है। जड़ों का जमीन से जुड़ाव खत्म हो गया है। पेड़ों की जड़ों को देखकर यह समझा जा सकता है। सभी पेड़ों की ऐसी ही हालत सामने आ रही है।
होर्टिकल्चर डिपार्टमेंट की टीम ने पहले कभी इन पेड़ों की सुध नहीं ली। पर्यावरण प्रेमी राहुल महाजन ने कहा कि जैसे हालात हैं उससे लोग पेड़ों से डरने लगे हैं। अब तो कोई पास से निकलने में भी कई बार सोचते हैं। इस डर से नकारात्मक सोच बन रही है। ऐसा ही हाल रहा तो लोग पेड़ लगाना ही छोड़ देंगे। जिम्मेदार अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और उन पर लापरवाही बरतने के लिए कार्रवाई होनी चाहिए।
Next Story





