Yamunanagar में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूल बस की टक्कर से नवविवाहिता समेत दो महिलाओं की मौत

Yamunanagar , यमुनानगर: Yamunanagar में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहिता समेत दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा छछरौली-पांवटा साहिब रोड पर मानकपुर इंडस्ट्रीज के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, गंगा नगर कॉलोनी निवासी शिव कुमार की शादी 29 अप्रैल को खुशबू से हुई थी। शादी के महज 13 दिन बाद मंगलवार सुबह वह अपनी पत्नी खुशबू और मौसी की बेटी पूजा के साथ पंचमुखी हनुमान मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। तीनों एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे। बताया गया कि जैसे ही वे मानकपुर इंडस्ट्रीज के पास पहुंचे, पीछे से आ रही स्कूल बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में बस का पहिया खुशबू के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूजा भी बस की चपेट में आ गई और उसने भी दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 15 बच्चे सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बस चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।





