हरियाणा

Tosham: बिजली टॉवर विवाद पर बैठक, पॉवर ग्रिड अधिकारी नदारद

Admindelhi1
30 Jun 2025 8:20 PM IST
Tosham: बिजली टॉवर विवाद पर बैठक, पॉवर ग्रिड अधिकारी नदारद
x
"पॉवर ग्रिड के अधिकारी रहे नदारद"

तोशाम: संयुक्त किसान मोर्चा व एसडीएम के बीच सोमवार को तोशाम में बिजली टावरों को लेकर बैठक हुई। जिसमें पावर ग्रिड अधिकारी नदारद रहे। पावर ग्रिड अधिकारियों के मीटिंग में ना आने से किसानों में भारी आक्रोश रहा। सयुंक्त किसान मोर्चा के नेता मास्टर जगरोशन और रवि आजाद के नेतृत्व में सैकड़ो किसान बातचीत के लिए निर्धारित समय पर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। पावर ग्रिड अधिकारियों की अनुपस्थिति में उपमंडल अधिकारी अशवीर नैन व सयुंक्त किसान मोर्चा के मध्य विस्तृत बातचीत हुई।

बातचीत के दौरान मा. जगरोशन व रवि आजाद ने बताया कि पावर ग्रिड की वर्तमान क्षतिपूर्ति पॉलिसी से किसान सहमत नहीं है और उन्होंने प्रस्ताव रखा है कि उपायुक्त के माध्यम से अतिरिक्त मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री से बातचीत करवाई जाए, ताकि किसान अपनी बात उनके सामने रख सके। जब तक किसान पूरी तरह से सहमत ना हो जाए तब तक किसानों के खेत में किसी तरह का निर्माण कार्य न शुरू किया जाए और काम शुरू करने से पहले फसल के नुकसान की अग्रिम भरपाई की जाए।

एसडीएम ने मीटिंग का आश्वासन देते हुए कहा कि एक सप्ताह में उपायुक्त के माध्यम से बातचीत करवाई जाएगी। किसान नेताओं ने जोर देते हुए कहा कि ठेकेदारों द्वारा किसानों की फसल उजाडऩे के मामले में मुकदमा दर्ज किया जाए तथा दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। बैठक के बाद सयुंक्त किसान मोर्चा का प्रतिनिधि मंडल एसएचओ महाबीर सिंह से मिला तथा उचित कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर करणसिंह जैनावास, रणधीर सांगवान, मुकेश साहलेवाला, रोहतास सैनी, रामफल शर्मा, जोगेंद्र खुंगा, सतबीर फौजी, ईश्वर नंबरदार, सतपाल नंबरदार, धर्मवीर लांबा, मेवा सिंह लांबा, भुपसिंह खिचड़, उमेद सिंह गारनपुरा, महाबीर सिहाग, दिनेश मिराण आदि किसान मौजूद रहे।

Next Story