हरियाणा

सुपरवाइजर और मैनेजर कर रहे थे टारगेट, परेशान होकर फौरमेन ने किया सुसाइड

Rani Sahu
17 Jun 2023 4:56 PM GMT
सुपरवाइजर और मैनेजर कर रहे थे टारगेट, परेशान होकर फौरमेन ने किया सुसाइड
x
हरियाणा : हरियाणा के यमुनानगर के गांधी नगर थाना क्षेत्र की शिवपुरी ए कॉलोनी में टाटा पास्को मोटर्स कंपनी दोसड़का के फोरमैन राजेंद्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव उनके ही घर में पंखे की हुक से बने फंदे पर लटका मिला। मृतक की पत्नी का आरोप है कि कंपनी के मैनेजर व सुपरवाइजर ने उसके पति की डिमोशन किया। जिससे आहत होकर उसके पति ने फंदा लगाकर जान दी है।
मृतक के पास से कथित सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। जिसमें उसने कंपनी के मैनेजर व सुपरवाइजर को अपनी मौत का जिम्मेवार बताया है। गांधी नगर थाना पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवपुरी ए कॉलोनी निवासी गुरमीत कौर ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपना प्राइवेट काम करती है। उसके पति राजेंद्र करीब 15 साल से दोसड़का स्थित टाटा पास्को मोटर्स कंपनी में फोरमैन के पद पर कार्यरत थे।
सुबह आठ बजे उसके पति ड्यूटी पर चले जाते थे और रात करीब साढ़े सात बजे वापस आते थे। पिछले करीब दो-तीन माह से उसके पति काफी परेशान थे। जब उसने अपने पति से इसका कारण पूछा तो उन्होंने बताया था कि उनकी कंपनी में मनु मैनेजर व मनदीप बतौर सुपरवाइजर लगे हुए हैं।
दोनों आरोपी काफी समय से छोटी छोटी बातों को लेकर उसे परेशान कर रहे हैं। जबकि वह अपना कार्य पूरी ईमानदारी व लगन से कर रहा है। इसके बावजूद भी इन दोनों आरोपियों ने उसका डिमोशन कर दिया और उसे जातिसूचक शब्द बोलकर अपमानित किया। आरोपी उसे आत्महत्या के लिए उकसाते हैं।
यह बात सुनकर उसने अपने पति को समझाया कि आप मन लगाकर अपना काम करें। किसी प्रकार की कोई टेंशन न लो। पर उसका पति राजेंद्र उसे कहता था कि यह बाते उसके दिमाग से नहीं निकल रही है। शुक्रवार को उसके पति ने उसे कहा कि उसका आज काम पर जाने का मन नहीं है।
वह काम पर नहीं जाएगा। इसके बाद सुबह सात बजे वह अपने पति को घर पर छोड़कर अपने काम पर चली गई। उसका बेटा कुनाल अपने मामा के घर पर गया हुआ था। बड़ा बेटा बुआ के घर पर था। दोपहर करीब दो बजे जब वह खाना खाने घर पर आई उसका कमरा अंदर से बंद था।
उसने अपने पति का आवाज देकर दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। जब उसने कमरे के बाहर से दरवाजे पर बने रोशनदान पर चढ़कर देखा तो उसका पति राजेंद्र पंखे के हुक से अपने गले में रस्सी डालकर फंदे पर लटका हुआ था।
उसने शोर मचाया और अपने देवर सुरेंद्र को दुकान से बुलाया। वहीं, आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। उसने अपने देवर की मदद से दरवाजा तोड़ा और तुरंत अपने पति को फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुरमीत कौर का आरोप है कि उसके पति ने मैनेजर मनु व सुपरवाइजर मनदीप द्वारा डिमोशन करने से आहत होकर आत्महत्या की है। आरोपियों ने ही उसके पति को आत्महत्या के लिए उकसाया है। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मैनेजर मनु व सुपरवाइजर मनदीप पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कथित सुसाइड नोट में ये हैं आरोप
मृतक के पास से बरामद किया गया सुसाइड नोट राजेंद्र ने अपनी कंपनी मालिक के नाम लिखा है। जिसमें लिखा है कि यह लेटर कंपनी के मालिक संजय पासी को देना। संजय पासी बहुत अच्छे इंसान है। यह लेटर मनु व मनदीप के खिलाफ है। संजय पासी सर, नमस्ते। सर, मैं राजेंद्र कुमार पास्को मोटर्स दोसड़का में साल 2008 से काम कर रहा हूं। मैंने अब तक पूरी ईमानदारी से काम किया। अपनी मेहनत और ईमानदारी से मैं फोरमैन के लेवल तक पहुंचा हूं। अब तक जितने भी मैनेजर आए सब ठीक थे। लेकिन जब से मनदीप वर्कशॉप में मैनेजर बना है, उसने गलत काम करने शुरू कर दिए है। वह एनएसयू और कंटेनर की टीम से 20-20 हजार रुपये महीना लेता है। जिसके चलते वह नंबर 2 का काम करते है। पैसे लेकर गाड़ी की वारंटी करवाते हैं। जिस गाड़ी व सामान की वारंटी न भी हो, उसकी भी वारंटी पैसे लेकर कर देते हैं। इसके अलावा कंपनी में हादसे में क्षतिग्रस्त होकर आने वाली गाड़ियों में पुराना सामान डाल देते हैं। मनदीप ने मैनेजर बनते ही सबसे पहले उसे फोरमैन के पद से हटाया। क्योंकि मैं बेईमानों के साथ नहीं देता। मनदीप उसे छोटी छोटी बातों पर परेशान करते है। मनु उसका साथ देना है। दोनों से परेशान होकर वह सुसाइड कर रहा है।
जांच अधिकारी एएसआई सुभाष चंद का कहना है कि मृतक के पास से सुसाइड नोट बरामद किया गया है। सुसाइड नोट व मृतक की पत्नी के बयान पर दोनों आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। मामले में दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Next Story