हरियाणा

Gurugram में बजेगी राज्य खेल उत्सव की बिगुल

Admindelhi1
2 Nov 2025 4:57 PM IST
Gurugram में बजेगी राज्य खेल उत्सव की बिगुल
x

गुरुग्राम: 27वां हरियाणा राज्य खेल उत्सव रविवार से गुरुग्राम में शुरू होने जा रहा है। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में देर शाम को इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह करेंगे। इस खेल उत्सव का आठ नवंबर को कुरुक्षेत्र में समापन होगा। उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही। रंग-बिरंगी लाइट्स के बीच इस समारोह में चार चांद लगाने की तैयारियां की गई हैं। इस अवसर पर प्रदेश के सभी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवॉर्डी खिलाड़ी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

राज्य खेल उत्सव की तैयारियों को लेकर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुमित कुमार ने अधिकारियों को स्टेडियम की सभी व्यवस्थाओं खिलाडिय़ों के ठहराव, सुरक्षा, परिवहन, चिकित्सा और पेयजल जैसी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जिला प्रशासन ने खेल उत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह आयोजन हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है।

प्रदेश के नौ जिलों और चंडीगढ़ में विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें राज्य भर के हजारों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। गुरुग्राम में 3 से 6 नवंबर तक ताऊ देवीलाल स्टेडियम और नेहरू स्टेडियम में हॉकी, हैंडबॉल, टेबल टेनिस तथा एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। गुरुग्राम जिला प्रशासन और खेल विभाग की ओर से सभी नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करें।

Next Story