हरियाणा

Sonipat: टैक्सी चालक की बेटी ने बढ़ाया परिवार और क्षेत्र का मान

Admindelhi1
20 May 2026 1:00 PM IST
Sonipat: टैक्सी चालक की बेटी ने बढ़ाया परिवार और क्षेत्र का मान
x
हिंद केसरी बनकर बेटी ने रचा इतिहास

सोनीपत: सोनीपत जिले की युवा पहलवान काजल ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। महाराष्ट्र में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में काजल ने 65 प्लस भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर हिंद केसरी का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया। उनकी इस बड़ी सफलता से सोनीपत सहित पूरे हरियाणा में खुशी का माहौल है।

इस प्रतियोगिता में देशभर से महिला पहलवानों ने हिस्सा लिया। 65 प्लस भार वर्ग में काजल ने हर मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा और लगातार जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। बताया गया कि प्रतियोगिता में चार सौ से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए थे। काजल ने अपने अनुभव, आत्मविश्वास और शानदार तकनीक के दम पर 25 प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर यह उपलब्धि हासिल की।

इस जीत पर उन्हें इनाम के तौर पर एक कार और दो किलो चांदी की गदा देकर सम्मानित किया गया। सोनीपत के सेक्टर 23 में पहुंचने पर मंगलवार को उनका जोरदार स्वागत हुआ। मेयर राजीव जैन ने उन्हें सम्मानित कर बधाई दी और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। शहर में खेल प्रेमियों ने इसे गर्व का पल बताया।

काजल पहले भी कई बार भारत केसरी बन चुकी हैं। हिंद केसरी बनने के बाद उनकी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो गई है। काजल का कहना है कि अब उनका सपना ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। वह लगातार मेहनत कर रही हैं और आने वाले वर्षों में भारत का झंडा दुनिया के सबसे बड़े मंच पर लहराना चाहती हैं। परिवार और कोच भी उनकी तैयारी में पूरा सहयोग दे रहे हैं। काजल इससे पहले बुल्गारिया के समोकोव में आयोजित अंडर 20 विश्व चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने 72 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में चीन की यूकी लियू को 8-6 से हराकर विश्व खिताब जीता था। इससे पहले वर्ष 2024 में अंडर १७ विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने 69 किलोग्राम वर्ग में यूक्रेन की ओलेक सांद्रा रिबाक को 9-2 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया था। लगातार दो विश्व खिताब जीतकर काजल ने अपनी मजबूत पहचान बना ली है।

Next Story