हरियाणा

Sonipat: राई खेल विश्वविद्यालय में छात्र की डूबने से मौत, पुलिस जांच में जुटी

Admindelhi1
22 May 2026 7:27 PM IST
Sonipat: राई खेल विश्वविद्यालय में छात्र की डूबने से मौत, पुलिस जांच में जुटी
x
छात्र की मौत के मामले में हादसा या हत्या की जांच शुरू

सोनीपत: हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में पीजी डिप्लोमा (क्रिकेट) के छात्र निशांत गौतम की स्विमिंग पूल में डूबने से गुरुवार को मौत हो गई। परिजनों ने शुक्रवार को सोनीपत पहुंचकर आशंका व्यक्त की है कि यह हादसा है या साजिश के साथ हत्या इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में शोक का माहौल है। शुरुआती जानकारी के अनुसार निशांत को तैराकी आती थी। ऐसे में मामला गंभीर माना जा रहा है। घटना के समय स्विमिंग कोच भी पूल पर मौजूद थे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति की अध्यक्षता प्रो. राजेंद्र प्रसाद गर्ग को सौंपी गई है। समिति पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करेगी। जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कुलपति अशोक कुमार के निर्देश पर समिति ने जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना शाम को ही स्थानीय पुलिस को दे दी गई थी। पुलिस भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। विश्वविद्यालय की समिति आंतरिक स्तर पर तथ्यों की पड़ताल करेगी शुक्रवार को निशांत के परिजन विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने मामले में हत्या की आशंका जताई है। निशांत गौतम (30) मूल रूप से पलवल के रहने वाले थे। वह विश्वविद्यालय में क्रिकेट कोचिंग के पीजी डिप्लोमा के छात्र थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन वर्ष का बेटा है।

उनकी पत्नी गर्भवती बताई जा रही हैं। निशांत के ताऊ कुलदीप कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उन्हें जानकारी दी गई कि घटना के समय निशांत के साथ दो लड़के और दो लड़कियां भी पूल में मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की सूचना परिवार को देरी से दी गई। उनका कहना है कि यदि पूल में अन्य छात्र भी मौजूद थे तो समय रहते बचाव क्यों नहीं हो सका।

परिजनो ने यह भी कहा कि पूल में तैनात कोच के बयान अलग-अलग सामने आ रहे हैं, जिससे संदेह और बढ़ गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Next Story