हरियाणा

Sonipat: सोनीपत पुलिस ने मल्ला माजरा का आरोपी गिरफ्तार किया

Admindelhi1
26 Jan 2026 4:38 PM IST
Sonipat: सोनीपत पुलिस ने मल्ला माजरा का आरोपी गिरफ्तार किया
x
"आरोपी की मुठभेड़ में गिरफ्तारी"

सोनीपत: सोनीपत के मल्ला माजरा गांव में हुए लूट और हत्या मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कुबेर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सोमवार को काबू कर लिया। एंटी गैंगस्टर यूनिट की कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार मल्ला माजरा निवासी साहिल की हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी कुबेर फरार था। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। जांच में सामने आया कि वह दोबारा किसी बड़ी आपराधिक वारदात की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस को उसके मूवमेंट को लेकर गुप्त सूचना मिली।

सूचना के आधार पर एंटी गैंगस्टर यूनिट ने मुनीरपुर-सफियाबाद रोड पर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, एक अवैध हथियार, कुछ जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया है। इस ऑपरेशन का नेतृत्व पीएसआई विवेक ने किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी दिल्ली की जेजे कॉलोनी का रहने वाला कुबेर शातिर हिस्ट्रीशीटर है।

उस पर दिल्ली में लूट, हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि मल्ला माजरा लूट-हत्या मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोप पत्र तैयार किया जा रहा है।

Next Story