हरियाणा

Sonipat: गोहाना में रोडवेज कर्मियों का प्रदर्शन, आवाजाही प्रभावित

Admindelhi1
21 Nov 2025 11:02 AM IST
Sonipat: गोहाना में रोडवेज कर्मियों का प्रदर्शन, आवाजाही प्रभावित
x

सोनीपत: सोनीपत के गोहाना डिपो के कंडक्टर के साथ पानीपत के एक पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट के विरोध में गुरुवार सुबह गोहाना रोडवेज कर्मचारियों ने चक्का जाम कर करके धरना दिया। एक शिष्टमंडल सोनीपत में उपायुक्त से मिलने गया। कर्मचारियों का आरोप है कि पेट्रोल पंप संचालिका ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि मंत्री के दबाव का हवाला देकर कंडक्टर को दोबारा माफी मांगने के लिए बुलाया और कमरे में बंद कर मारपीट की। घटना को लेकर कंडक्टर ने इसराना थाना पुलिस चौकी में शिकायत दी है और संचालिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मंगलवार को चंडीगढ़ से पानीपत आ रही गोहाना डिपो की बस पानीपत के शुगर मिल के सामने बने पेट्रोल पंप पर रोकी गई थी। बस में सवार एक महिला यात्री के बच्चे को अचानक बाथरूम की जरूरत पड़ी। पेट्रोल पंप पर वॉशरूम की उचित व्यवस्था न होने के कारण ड्राइवर ने पास के पार्क के किनारे बच्चे को बाथरूम करवाया। इसी बात पर पेट्रोल पंप संचालिका भड़क गई और महिला, ड्राइवर तथा कंडक्टर से गाली-गलौज कर दी। यात्रियों और कर्मचारियों के अनुसार, संचालिका ने धमकी दी कि पेट्रोल पंप मंत्री का है और वह कर्मचारियों को निलंबित करवा देगी। मामले को बढ़ता देख अधिकारियों तक बात पहुंची। आरोप है कि संचालिका ने मंत्री को फोन करवाकर शिकायत भेजी, जिसके बाद रोडवेज अधिकारियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को अगले दिन फिर से पेट्रोल पंप पर माफी मांगने के लिए भेजा।

बुधवार को जब दोनों कर्मचारी पेट्रोल पंप पहुंचे तो स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने कंडक्टर को एक कमरे में बंद कर उसका मोबाइल छीना और हाथ पकड़कर उसे पीटते हुए माफी मंगवाई। इसी दौरान संचालिका ने भी कंडक्टर को थप्पड़ मारे।

घटना सामने आने के बाद रोडवेज कर्मियों में गहरा रोष फैल गया। कर्मचारियों ने गोहाना डिपो में चक्का जाम कर स्पष्ट कहा कि जब तक संचालिका और उसके कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो पूरे प्रदेश में चक्का जाम किया जाएगा। यूनियन ने कहा कि मंत्री का नाम लेकर दबाव बनाना और कर्मचारियों को माफी के नाम पर बंधक बनाकर पीटना गंभीर अपराध है, और दोषियों पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है।

Next Story