Sonipat: लाल डोरा क्षेत्र के निवासियों को संपत्ति का अधिकार

सोनीपत: हरियाणा सरकार ने लाल डोरा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से किया अपना एक और वादा पूरा कर दिया है। शुक्रवार को ओल्ड महावीर कॉलोनी स्थित कम्युनिटी सेंटर में शाम को नगर निगम द्वारा लगाए गए विशेष शिविर में वार्ड नंबर 1, 2, 6, 7 और 11 के लगभग 300 परिवारों को संपत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इससे लोगों को पहली बार अपने घरों और दुकानों का आधिकारिक मालिकाना हक मिला है। शिविर में विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने प्रमाण पत्र बांटे।
विधायक निखिल मदान ने बताया कि लाल डोरा क्षेत्र में करीब 50 वर्षों से लोग घर और दुकान बनाकर रह रहे थे, लेकिन कागजों में उन्हें कभी मालिकाना हक नहीं मिल पाया। रजिस्ट्री न होने के कारण वे अपनी संपत्ति का सही उपयोग भी नहीं कर पाते थे। सरकार द्वारा संपत्ति प्रमाण पत्र देने की यह पहल हजारों परिवारों को अधिकार और सुरक्षा प्रदान करने वाली है। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। मेयर राजीव जैन ने कहा कि प्रमाण पत्र मिलने के बाद अब लोग अपने घर और दुकान की रजिस्ट्री करवा सकेंगे।
रजिस्ट्री होने पर उन्हें सरकारी एवं निजी बैंकों से ऋण प्राप्त करने में भी सुविधा होगी। इससे लोगों के आर्थिक अवसर बढ़ेंगे और उनकी संपत्ति का मूल्य भी बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कुल 14,000 लोगों को संपत्ति प्रमाण पत्र दिए जाने हैं और आगे भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में निगम पार्षदों तथा स्थानीय प्रतिनिधियों सहित कई लोग उपस्थित रहे।





