हरियाणा

Sonipat: जन संवाद में मंत्री ने सुनीं समस्याएं

Admindelhi1
2 Aug 2025 5:54 PM IST
Sonipat: जन संवाद में मंत्री ने सुनीं समस्याएं
x
खिलाड़ी सचिन को किया सम्मानित

सोनीपत: गोहाना में सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने जन संवाद कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समाधान हेतु स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने शासन की पारदर्शिता और जनकल्याण को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

शनिवार को गोहाना के सिंचाई विश्राम गृह में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में मंत्री अरविंद शर्मा ने आमजन से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था लागू की है, जिससे जनता को वास्तविक लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने नागरिक सुविधाओं को सरल बनाने हेतु पांच सौ से अधिक सेवाएं और योजनाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई हैं। इससे आमजन को सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच मिली है।

इसके बाद मंत्री अरविंद शर्मा ने गांव कासंडा में अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर खेल 2025 में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी सचिन को सम्मानित किया। उन्होंने सचिन को अपने निजी कोष से एक लाख रुपए और उनके प्रशिक्षक अनिल कुमार को 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री खिलाड़ियों के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। खेलों के ढांचागत विकास, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों की उपलब्धता और खेल नर्सरियों की स्थापना जैसे प्रयासों से हरियाणा के खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार युवाओं के लिए 3 प्रतिशत आरक्षण की सुविधा भी दे रही है।

Next Story