
सोनीपत: सोनीपत जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए उपायुक्त सुशील सारवान ने हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025 का आरंभ किया। यह अभियान सात नवंबर तक कुल 11 सप्ताह तक चलेगा। इसका उद्देश्य शहरों को कूड़ा-कचरा मुक्त बनाना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
सोमवार को उपायुक्त ने कहा कि अभियान की शुरुआत सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों की सफाई से करेंगे। उच्च अधिकारी समय-समय पर इनकी जांच करेंगे। यदि किसी भी कार्यालय के बाहर गंदगी या कचरे का ढेर दिखाई देगा, तो नगर निगम की ओर से तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सार्वजनिक पार्कों और वहां स्थापित व्यायामशालाओं की नियमित सफाई पर जोर दिया। जन स्वास्थ्य अधिकारियों को जल समितियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, अस्पतालों, कार्यालयों और बाजारों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आमजन को भी अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ठोस कचरा प्रबंधन पर विशेष बल दिया जाएगा और कचरा संग्रहण की निगरानी के लिए रियल टाइम ट्रैकिंग पोर्टल व मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छता सम्मेलनों का आयोजन कर लोगों को जोड़ा जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि अभियान के दौरान स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर लगातार चर्चा होगी और समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, एसडीएम सुभाष चन्द्र सहित अन्य अधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे।





