Sonipat: भाजपा के उम्मीदवारों की सूची में 175 आवेदन शामिल

सोनीपत: स्थानीय निकाय चुनावों की आहट के साथ राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने पत्रकार वार्ता करके यह जानकारी दी प्रदेशभर में चुनावी तैयारियां तेज कर संगठनात्मक स्तर पर प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि सभी निकायों में मजबूती के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। सोनीपत में अब तक मेयर व पार्षद के लिए 175 आवेदन आए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि प्रदेश में तीन नगर निगम, तीन नगर पालिका और एक नगर परिषद के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। इन चुनावों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। जिला अध्यक्षों और चुनाव प्रभारियों के माध्यम से वार्ड स्तर पर इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन मांगे गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया संगठन के माध्यम से पारदर्शी ढंग से अपनाई जा रही है, ताकि योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर मिल सके।
सोनीपत में मेयर पद के लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि वार्ड पार्षद पदों के लिए 170 से अधिक आवेदन आए हैं। जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा ने बताया कि आवेदन लगातार प्राप्त हो रहे हैं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी आवेदनों की छंटनी की जाएगी। इसके बाद एक स्क्रीनिंग कमेटी गठित होगी, जो संबंधित जिलों का दौरा कर दावेदारों से बातचीत करेगी और स्थानीय समीकरणों का आकलन करेगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशियों के नाम तय किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का मुख्य फोकस जिताऊ उम्मीदवारों पर रहेगा। संगठन में सक्रिय, स्वच्छ छवि और मजबूत जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। सिटिंग-गेटिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी नए चेहरों को भी अवसर देने पर विचार करेगी, ताकि संगठन में नई ऊर्जा आए। प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि सुनियोजित रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर पार्टी निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।





