हरियाणा

Sirsa: प्रेम प्रसंग विवाद में हत्या, दो आरोपियों की गिरफ्तारी

Admindelhi1
11 Jun 2026 8:32 AM IST
Sirsa: प्रेम प्रसंग विवाद में हत्या, दो आरोपियों की गिरफ्तारी
x
दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा

सिरसा: सिरसा में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की चाकू घोंपकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी सुखबीर सिंह ने बुधवार को बताया कि मृतक संदीप कुमार के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि संदीप का एक युवती से प्रेम प्रसंग था तथा दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को भी थी। आरोप है कि बीते सोमवार रात युवती के परिवार से जुड़े लोगों ने संदीप को बुलाया और उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में संदीप के पीठ, हाथ और पेट पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल अवस्था में संदीप को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सिरसा निवासी संदीप के रूप में हुई। संदीप शहर में एक क्रॉकरी की दुकान पर कार्य करता था।

डीएसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हिमांशु तथा उसके चचेरे भाई जतिन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गहनता से जांच जारी है।

Next Story