हरियाणा

Sirsa: महिला रोजगार बढ़ाने वाले उद्योगों को सरकार का प्रोत्साहन

Admindelhi1
9 March 2026 1:32 AM IST
Sirsa: महिला रोजगार बढ़ाने वाले उद्योगों को सरकार का प्रोत्साहन
x

सिरसा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि हरियाणा में महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को राज्य सरकार की तरफ से अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिरसा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमिता मंच के हरियाणा चैप्टर की शुरुआत करने के अलावा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की पांचवीं किस्त के 200 करोड़ 77 लाख रुपये, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के एक हजार 338 करोड़ 61 लाख रुपये तथा हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 20 करोड़ 21 लाख रुपये पात्र महिलाओं के बैंक खातों में स्थानांतरित किए। उन्होंने स्टार्टअप्स को भी 3 करोड़ रुपये की सीड-मनी के चेक वितरित किए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में सेंड आर्ट शो के माध्यम से महिला सशक्तिकरण व उपलब्धियों की झलक दिखी।

नायब सिंह सैनी ने समारोह में उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज एक ओर जहां पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, वहीं दूसरी ओर हरियाणा की ऐतिहासिक धरती पानीपत पर शुरू हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के 11 गौरवपूर्ण वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने महिला उद्यमिता मंच के हरियाणा चैप्टर को शुरू करने को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह मंच महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स की संख्या 61 प्रतिशत करने में कारगर सिद्ध होगा। आज 16 उद्यमशील माताओं-बहनों को स्टार्टअप हेतु दी जाने वाली मदद के चेक वितरित किये हैं। साथ ही, महिला उद्यमियों के लिए 3 करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है। यह मंच उन बहनों के लिए एक वरदान साबित होगा, जो स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह मंच महिलाओं को बाजार की नई तकनीक और मार्केटिंग की बारीकियों से रूबरू कराएगा। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को इस महिला उद्यमिता मंच जुडकऱ इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सरकार ने इसके लिए बजट में 5 करोड़ रुपये की लागत से एक वर्कप्लेस सेफ्टी फंड बनाने का प्रावधान किया है। इसके साथ ही एक पोश सेल और एक विशाखा पोर्टल भी बनाया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने भी इस अवसर पर महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी और कहा कि जब तक महिला सशक्त नहीं होगी तब तक समाज सशक्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन नंबर, एनिमिया-मुक्त अभियान जैसे कार्यक्रमों से सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक यश गर्ग ने विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी।

Next Story