
सिरसा: सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि नशा एक जहर है और इस जहर से हमें अपने बच्चों को बचाना और सिरसा को नशा मुक्त बनाना हम सबका परम कर्तव्य है। एसपी सहारण सोमवार को सिरसा जिले के गांव राजपुरा साहनी में वरदान नशा मुक्ति केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि नशा एक ऐसी बीमारी है जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक तौर पर कमजोर बना देता है। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि सिरसा को नशा मुक्त बनाने के लिए जन सहयोग जरूरी ताकि नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए बच्चों के साथ अच्छा व्यवहार कर उनका सहयोग लें और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए जागरूक करते हुए बताएं की ऐसे किसी पदार्थ का सेवन न करें, जिससे नशा होता है तथा ऐसे व्यक्तियों से दूर रहें जो नशा करने के आदी है, संगत से रंगत आना स्वाभिक है। एसपी दीपक सहारण ने जनसंवाद के दौरान उपस्थित लोगों से कहा कि समाज व देश के जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा नैतिक कर्तव्य बनता है की सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही इस मुहिम में बढ़-चढक़र हिस्सा लें और सिरसा को नशा मुक्त बनाने के लिए एकजुट होकर दृढ़ संकल्प लें तभी हम नशा मुक्त समाज की स्थापना कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नशे की कुरीति को जड़ से खत्म करने के लिए युवा पीढ़ी को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि नशाखोरी की प्रवृत्ति के विरुद्ध सभी लोगों को एकजुट होकर अपना बहुमूल्य योगदान देना चाहिए। एसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सभी ग्राम पंचायतों सामाजिक संस्थाओं को आगे आना होगा।





