हरियाणा

Rewari: रेवाड़ी में मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी लोगों की परेशानी

Admindelhi1
1 Jun 2026 10:02 AM IST
Rewari: रेवाड़ी में मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी लोगों की परेशानी
x
रेवाड़ी में अव्यवस्थाओं के खिलाफ लोगों का विरोध तेज

रेवाड़ी: रेवाड़ी जिले के औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा स्थित सेक्टर-सात की ओकास सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर रविवार सुबह निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने सोसायटी परिसर में एकत्र होकर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।

आरडब्ल्यूए प्रधान पवन कुमार ने कहा कि सोसायटी में रहने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोसायटी की सड़कों की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार इन गड्ढों के कारण हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।

पवन कुमार ने बताया कि 20 मई को पारडोस अफोर्डेबल हाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक को एक पत्र भेजकर सोसायटी की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया था। पत्र में 30 मई तक समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। इससे निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन और बिल्डर से जल्द हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो समिति के सदस्य और निवासी मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित बिल्डर प्रबंधन की होगी।

Next Story