
HARIYANA हरियाणा : सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए नई रिजर्वेशन पॉलिसी की घोषणा की है। इसके तहत चार साल सेवा पूरी कर चुके पूर्व अग्निवीरों को विभिन्न सरकारी पदों में आरक्षण मिलेगा। हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती में 20% पद पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित किए जाएंगे। वन विभाग में 10%, ग्रुप सी की नौकरियों में 5% और ग्रुप बी की नौकरियों में 1% आरक्षण दिया जाएगा। यह आरक्षण अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और सामान्य श्रेणी सभी पर लागू होगा।
सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) से भी छूट की घोषणा की है। अब पुलिस कांस्टेबल, फॉरेस्ट गार्ड, वार्डन और माइनिंग गार्ड जैसी भर्तियों में उन्हें फिजिकल टेस्ट नहीं देना होगा। इससे पहले उन्हें कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) से भी छूट मिली थी। चयन अब लिखित परीक्षा के आधार पर मेरिट सूची के अनुसार होगा। नियुक्ति उसी वर्टिकल कैटेगरी में होगी, जिससे अभ्यर्थी संबंधित है। आदेश में यह प्रावधान भी है कि यदि किसी श्रेणी में उपयुक्त पूर्व अग्निवीर उपलब्ध नहीं होंगे, तो रिक्त पद संबंधित वर्ग के अन्य योग्य उम्मीदवार को दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस निर्णय से पूर्व अग्निवीरों को नागरिक जीवन में रोजगार और सम्मानजनक अवसर प्राप्त होंगे।





