हरियाणा

Gurugram में बारिश का कहर, अस्पताल का मेन गेट भी जलमग्न

Ratna Netam
8 July 2026 9:06 PM IST
Gurugram  में बारिश का कहर, अस्पताल का मेन गेट भी जलमग्न
x

Gurugram गुरुग्राम : शहर में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भारी जलभराव के कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। अस्पताल परिसर में पानी भरने से ओपीडी और बेसमेंट में बने वार्ड पूरी तरह प्रभावित हो गए। स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को आनन-फानन में मरीजों को ऊपरी मंजिलों पर शिफ्ट करना पड़ा।बारिश के बाद अस्पताल का ग्राउंड फ्लोर और बेसमेंट जलमग्न हो गया। ओपीडी में पानी भरने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अस्पताल कर्मचारी दिनभर पानी निकालने में जुटे रहे। कई जगहों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।बारिश शुरू होते ही अस्पताल के बेसमेंट की दीवारों से पानी तेजी से रिसने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवारों से इस तरह पानी निकल रहा था जैसे फव्वारे चल रहे हों। कुछ ही घंटों में बेसमेंट में बने वार्डों में पानी भर गया, जिससे वहां भर्ती मरीजों और अस्पताल स्टाफ के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अस्पताल प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए बेसमेंट के वार्डों में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया। हालांकि, मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि हर साल मानसून के दौरान इसी तरह की समस्या सामने आती है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में जल निकासी और बारिश के पानी को रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए हैं। हर वर्ष बारिश के समय अस्पताल में पानी भर जाता है और अस्थायी उपायों के सहारे स्थिति को संभाला जाता है।

बताया जा रहा है कि पिछले कई वर्षों से नागरिक अस्पताल में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से हर बार वार्डों को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया जाता है, लेकिन पानी के रिसाव को रोकने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई।इस बार भी ओपीडी में पानी भरने के कारण मरीजों को इलाज कराने में परेशानी हुई। कई मरीजों को पानी के बीच से होकर अस्पताल के अंदर जाना पड़ा। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं पर भी इसका असर देखने को मिला।

मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन के सामने जलभराव की समस्या को रोकना बड़ी चुनौती बनी हुई है। मरीजों और शहरवासियों ने मांग की है कि अस्पताल में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए और बारिश के दौरान होने वाली परेशानी का स्थायी समाधान निकाला जाए।फिलहाल अस्पताल कर्मचारी पानी निकालने और व्यवस्था सामान्य करने में जुटे हुए हैं। लेकिन हर साल दोहराई जाने वाली इस समस्या ने अस्पताल प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story