Hansi: भाखड़ा पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन मामले में पूर्व सरपंच गिरफ्तार

हांसी: बरवाला रोड स्थित गांव चानौत में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन पर कथित अवैध टी-कनेक्शन लगाने के मामले में पिछले 17 दिनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी एवं पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे रामायण टोल प्लाजा के पास से हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमेश शर्मा मंगलवार दोपहर कुछ साथियों के साथ हिसार से दिल्ली की ओर जा रहा था। इसी दौरान सदर थाना पुलिस ने रामायण टोल प्लाजा पर उसे रोककर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार, सोमेश शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से मामले के हर पहलू पर गहन पूछताछ की जाएगी।
जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि कथित अवैध टी-कनेक्शन में इस्तेमाल की गई 'टी' कहां से लाई गई, जेसीबी और हाइड्रा मशीनें किसने उपलब्ध करवाईं तथा पूरे घटनाक्रम में किन-किन लोगों की क्या भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हांसी पुलिस का मानना है कि सोमेश शर्मा की गिरफ्तारी से मामले की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिलेगी और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि सोमेश शर्मा स्वयं को भाजपा नेता बताता रहा है और उसकी कई वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आती रही हैं। हालांकि, हरियाणा सरकार में लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सोमेश शर्मा का सरकार से कोई संबंध नहीं है।





