हरियाणा

Panipat: पूर्व डिप्टी सीएम के बहनोई से फिरौती की मांग

Admindelhi1
21 March 2026 1:47 AM IST
Panipat: पूर्व डिप्टी सीएम के बहनोई से फिरौती की मांग
x

पानीपत: हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के जीजा और पूर्व विधान सभा अध्यक्ष सतबीर कादियान के बेटे व जननायक जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र कादियान से पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। रकम न देने की सूरत में जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात गैंग 'अमित भाऊ का सदस्य बताया है।

पुलिस ने देवेंद्र कादियान की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उनके पानीपत स्थित आवास की सुरक्षा बढ़ा दी।

सेक्टर-11 पानीपत निवासी देवेंद्र कादियान ने बताया कि उनके मोबाइल पर वॉट्सएप कॉल और वॉयस रिकॉर्डिंग के जरिए यह धमकी दी गई है।

बदमाशों ने न केवल पैसे मांगे, बल्कि देवेंद्र के बच्चों और फार्महाउस पर अटैक की धमकी भी दी। 18 मार्च की देर रात देवेंद्र कादियान जब एक शादी समारोह में थे, तब उनके व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को 'अमित भाऊ गैंग' का सदस्य बताया। बदमाश ने कहा कि पांच करोड़ रुपए का इंतजाम कर ले और इसी नंबर पर कॉल बैक करियो, नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहियो।

देवेंद्र के अनुसार, फोन कटने के बाद बदमाश ने दोबारा कॉल की और अगली सुबह उनके व्हाट्सएप पर करीब डेढ़ मिनट का एक ऑडियो मैसेज भी भेज दिया। बदमाश ने कहा कि वह उनके बच्चों और फार्महाउस के बारे में सब कुछ जानता है। परेशान होकर आखिर देवेंद्र ने गुरुवार की रात को भाऊ गैंग खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। देवेंद्र कादियान की शिकायत मिलते ही साइबर सेल और सीआईए की टीमें उस नंबर को ट्रेस करने में जुटी हैं जिससे धमकी भरी कॉल आई थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से देवेंद्र कादियान के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Next Story