हरियाणा

Panipat: नायब सरकार की सख्ती से बदमाशों में खौफ: रामकुमार गौतम

Admindelhi1
27 Sept 2025 10:00 AM IST
Panipat: नायब सरकार की सख्ती से बदमाशों में खौफ: रामकुमार गौतम
x

पानीपत: पानीपत के गांव अहर की गौशाला में पहुंचे सफीदों के भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने दावा किया कि प्रदेश की नायब सैनी सरकार बदमाशों को उनकी औकात दिखा रही है। आने वाले दिनों में उनके हलके में एक भी बदमाश नहीं मिलेगा। शुरू में प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था के लिए उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जिम्मेदार ठहराया। रामकुमार गौतम ने शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता बलवान सिंह शर्मा की गौशाला में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में सभी जातियों के साथ समान व्यवहार किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि राज्य में लोकतांत्रिक प्रशासन काम कर रहा है और किसी भी जाति से भेदभाव नहीं होता है। कानून व्यवस्था पर बोलते हुए गौतम ने कहा कि प्रदेश में अब स्थिति धीरे-धीरे काबू में आ रही है। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री एक सुलझे हुए व्यक्ति हैं और शुरुआत में उनकी सरकार ने बदमाशों का सफाया किया, लेकिन बाद में कानून व्यवस्था बिगड़ गई।

रामकुमार गौतम ने पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल ने भी अच्छा काम किया, लेकिन कानून व्यवस्था में पूरी तरह सक्षम नहीं थे। अब नायब सैनी सरकार में बदमाशों को उनकी औकात दिखाई जा रही है। गौतम ने दावा किया कि सफीदों हल्के में एक भी बदमाश नहीं मिलेगा। कार्यक्रम में भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम संचालक बलवान शर्मा ने विधायक रामकुमार गौतम का शाल से स्वागत किया।

Next Story