हरियाणा

Panipat: ट्यूबवेल कमरे में युवक का शव मिलने से हड़कंप

Admindelhi1
3 May 2026 10:11 AM IST
Panipat: ट्यूबवेल कमरे में युवक का शव मिलने से हड़कंप
x

पानीपत: पानीपत के गांव बडौ़ली में शनिवार को एक युवक का शव खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे में लटका हुआ मिला। युवक कुछ ही देर पहले अपने एक दोस्त के पिता की रिटायरमेंट पार्टी से लौटा था, जिसके बाद उसकी मौत की खबर सामने आई। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

मृतक की पहचान बडौली गांव निवासी 21 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विशाल का शव खेत में बने ट्यूबवेल के कोठे के अंदर लोहे के गाडर से लटका हुआ मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि फंदा रस्सी के बजाय लोहे के तार से बना हुआ था। युवक को इस हालत में देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, विशाल शुक्रवार रात अपने एक दोस्त के पिता की रिटायरमेंट पार्टी में शामिल होने गया था।

वह पार्टी से घर लौटा और उसके बाद खेतों की तरफ चला गया। कुछ ही देर बाद उसका शव कोठे में मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जाहिर की है, वहीं पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पार्टी में विशाल का किसी से कोई विवाद तो नहीं हुआ था, परिजनों के अनुसार वह काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। सदर थाना प्रभारी गुलशन ने बताया कि आज धारा 174 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Next Story