हरियाणा

Panchkula: हरियाणा में अपराधियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

Admindelhi1
20 Dec 2025 1:46 PM IST
Panchkula: हरियाणा में अपराधियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
x
"156 आरोपी पकड़े गए"

पंचकूला: हरियाणा में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार को पूरे राज्य में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। इस राज्य स्तरीय अभियान के तहत 900 से अधिक चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर एकसाथ रेड की गई, जिसमें कुल 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 60 नए मुकदमे दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 44 फरार और हिंसक अपराधियों को भी दबोच लिया, वहीं आर्म्स एक्ट के तहत आठ आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

हरियाणा पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य संगठित अपराध, नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ और हथियारों के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाना है। ऑपरेशन के दौरान अलग-अलग जिलों में चौंकाने वाली बरामदगियां सामने आई हैं। चरखी दादरी में पुलिस ने 3 किलोग्राम चांदी, 22 ग्राम सोना और करीब 8 लाख रुपये की ज्वेलरी जब्त की। इसके साथ ही एक कार और मोबाइल फोन भी आरोपियों के पास से बरामद किए गए।

नूंह जिले में पुलिस ने 1.50 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की। पूरे राज्य में विभिन्न मामलों में कुल 10,12,400 रुपये नकद बरामद किए गए, जबकि एंटी-गैंबलिंग ऑपरेशन के दौरान 90 हजार रुपये अतिरिक्त जब्त किए गए। गुरुग्राम में पुलिस ने 55 हॉटस्पॉट्स पर सर्च ऑपरेशन चलाते हुए 17 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया और सात मोटरसाइकिल व एक स्कूटर जब्त किया।

फरीदाबाद और सोनीपत जिलों में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जहां दोनों जिलों से चार-चार हिंसक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन के तहत फरीदाबाद से 3.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं अंबाला में चार मोबाइल फोन, एक चांदी की चेन, अंगूठी, पायल और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। सोनीपत में एक बस और एक मोटरसाइकिल को अपराध में इस्तेमाल होने के आरोप में सीज किया गया।

कुल मिलाकर पूरे राज्य में अपराध में प्रयुक्त 11 मोटरसाइकिल, एक बस, एक स्कूटर और एक कार जब्त की गई है। अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ की गई कार्रवाई में पुलिस ने 3.87 किलोग्राम गांजा, 163 ग्राम हेरोइन, 22 ग्राम चरस, 52 बोतल विदेशी शराब, 399 बोतल देसी शराब और 50 लीटर अवैध शराब बरामद की।

हरियाणा पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि इस अभियान से राज्य में अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Next Story