हरियाणा

Panchkula: हरियाणा में डॉक्टर हड़ताल, ओपीडी सेवाओं पर असर

Admindelhi1
27 Nov 2025 4:44 PM IST
Panchkula: हरियाणा में डॉक्टर हड़ताल, ओपीडी सेवाओं पर असर
x

पंचकूला: हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में आज बृहस्पतिवार को सुबह दो घंटे के लिए ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) में सेवाएं बंद रहेंगी। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएस) से जुड़े डॉक्टर सुबह  नौ से 11 बजे तक कलमबंद हड़ताल करेंगे।

इस दौरान किसी मरीज का उपचार नहीं किया जाएगा। हालांकि, ऑपरेशन और प्रसूति के साथ आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन राज्य में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों (एसएमओ) की सीधी भर्ती का विरोध कर रही है। प्रदेश में वर्ष 2012 के बाद एसएमओ के पद पर सीधी भर्ती नहीं हुई है।

‘सीधी भर्ती से प्रमोशन के हो जाएंगे अवसर कम’

डॉक्टरों का कहना है कि सीधी भर्ती से उनकी पदोन्नति के अवसर कम हो जाएंगे। इसी तरह संशोधित सुनिश्चित करियर प्रगति (एसीपी) को मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बावजूद फाइल वित्त विभाग के पास अटकी हुई है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश ख्यालिया ने कहा कि मांगों पर सरकार यदि कोई उचित फैसला नहीं लेती है तो 30 नवंबर को बैठक में समस्त स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन और पोस्टमार्टम सेवाओं को पूरी तरह से बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है। उन्होंने दावा किया है कि पैरामेडिकल स्टाफ भी हड़ताल में शामिल होने के लिए तैयार है।

400 अतिरिक्त डॉक्टर किए तैनात

हरियाणा सरकार ने पेन-डाउन स्ट्राइक के बीच स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रखने के स्वास्थ्य विभाग ने पुख्ता प्रबंधकिए हैं। ओपीडी और सभी इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने के साफ़ निर्देश स्वास्थ्य विभाग के एसीएस ने सिविल सर्जनों व पीएमओ को दिए हैं।

कहा गया है कि मरीजों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी कंसलटेंट और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले मेडिकल ऑफिसर की सेवाएं भी ली जाएंगी। आरबीएसके के लगभग 400 डॉक्टरों को भी ओपीडी सेवाओं में ड्यूटी पर लगाया गया है।

विभाग ने हड़ताल के बीच मरीजों के लिए किए पुख्ता इंतजाम

डॉक्टरों की पेन-डाउन हड़ताल के बीच हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित न होने देने के लिए सख्त और स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सभी सिविल सर्जन और पीएमओ को निर्देश दिए हैं कि ओपीडी व सभी इमरजेंसी सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहनी चाहिए।

Next Story