Palwal: परीक्षा के लिए जा रहे छात्र पर पलवल में हमला, पांच आरोपी पकड़ में

पलवल: जिले के हथीन क्षेत्र में 12वीं की परीक्षा देने जा रहे एक छात्र पर आधा दर्जन युवकों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने छात्र पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित के भाई की शिकायत पर पांच नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हथीन थाना प्रभारी हरी किशन ने मंगलवार को बताया कि मलाई गांव निवासी साजिद ने शिकायत दी है कि उसका भाई अलीम तीन मार्च को बाइक पर सवार होकर 12वीं की परीक्षा देने के लिए हथीन स्थित गर्ल स्कूल जा रहा था। जैसे ही वह परीक्षा केंद्र के पास तालाब के निकट पहुंचा, तभी गांव रुपडाका निवासी रिजवान, आमिर, इन्साफ, माईन और सैफ अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गए और उसका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अलीम को घेरकर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसका हाथ फट गया और वह लहूलुहान हो गया। आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल छात्र ने अपने मोबाइल फोन से डायल 112 पर पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को उपचार के लिए हथीन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी छात्र को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर साजिद और गांव के अन्य लोग अस्पताल पहुंचे, जहां अलीम को गंभीर हालत में उपचार दिया जा रहा था। इसके बाद साजिद ने हथीन थाना में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





