हरियाणा

Palwal: पलवल में विकास कार्यों और शिकायतों की समीक्षा, मंत्री ने दिए निर्देश

Admindelhi1
25 July 2026 9:43 AM IST
Palwal: पलवल में विकास कार्यों और शिकायतों की समीक्षा, मंत्री ने दिए निर्देश
x
पलवल बैठक में उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पलवल: जिला लोक संपर्क एवं परिवाद निवारण समिति की मासिक बैठक शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री तथा समिति के अध्यक्ष राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कुल 17 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 14 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष तीन शिकायतों को अगली बैठक तक लंबित रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर एचवीपीएनएल के कार्यकारी अभियंता तथा एसडीओ हथीन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के दौरान राव नरबीर सिंह ने एडेल डिवाइन कोर्ट, सेक्टर-5 के निवासियों की बिजली कनेक्शन संबंधी शिकायत पर डीएचबीवीएन को एस्टीमेट तैयार कर सोसायटी द्वारा राशि जमा कराने के बाद बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ककराली निवासी दर्शन सिंह की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग और पंचायती राज विभाग को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। वहीं पलवल निवासी महेश कुमार की शिकायत पर एनएचएआई को जलभराव की समस्या दूर करने तथा लोक निर्माण विभाग को डिवाइडर निर्माण कराने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वर्ष मानसून से पहले 15 जून तक सभी नालों और ड्रेनों की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि रोडवेज बसों का संचालन फ्लाईओवर के ऊपर की बजाय नीचे से कराया जाए, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सके। साथ ही चालकों और परिचालकों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा। राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का केवल पंजीकरण ही नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए ग्रीवेंस समिति की बैठक तक न आना पड़े।

बैठक में पृथला विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल, उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नीतिश अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Next Story