हरियाणा

Palwal: पुलिस चौकी पर हमला, एसएचओ की गाड़ी पर पथराव

Admindelhi1
27 Feb 2026 10:06 PM IST
Palwal: पुलिस चौकी पर हमला, एसएचओ की गाड़ी पर पथराव
x
"पुलिस चौकी पर हमले से तनाव"

पलवल: जिले के गदपुरी थाना क्षेत्र स्थित धतीर पुलिस चौकी के बाहर पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपियों ने थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिसमें एक होमगार्ड और एक एसपीओ घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है।

गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि 26 फरवरी को धतीर पुलिस चौकी के गेट पर जाहिद नामक युवक अचानक पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब एसआई राजेंद्र सिंह और होमगार्ड धीरज उसे शांत कराने पहुंचे तो आरोपी ने अचानक पत्थर उठाकर हमला कर दिया। इसी दौरान थाना प्रभारी कुलदीप सिंह परीक्षा ड्यूटी की जांच कर चौकी पहुंचे तो आरोपी ने उनकी सरकारी गाड़ी पर भी ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस हमले में होमगार्ड धीरज और एसपीओ राजपाल घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस जब आरोपी जाहिद को काबू करने लगी तो रसीदन और अरसीदा नामक दो महिलाएं मौके पर पहुंच गईं और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास करने लगीं। दोनों महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। हालात को देखते हुए महिला सिपाही अंजना कुमारी को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस टीम ने महिला सिपाही की सहायता से दोनों महिलाओं सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों का उपचार कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, हमला और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Story