हरियाणा

Palwal: युवाओं के लिए पलवल पुलिस का नशा मुक्त अभियान

Admindelhi1
8 Nov 2025 4:54 PM IST
Palwal: युवाओं के लिए पलवल पुलिस का नशा मुक्त अभियान
x

पलवल: पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त भारत–सुरक्षित भारत” अभियान के तहत पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने एनजीएफ इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और उन्हें शिक्षा तथा खेलों से जुड़कर जीवन को सकारात्मक दिशा देने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना और समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करना था।

कार्यक्रम में नशा मुक्ति टीम प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार ने शनिवार को कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर, परिवार और समाज तीनों का सबसे बड़ा शत्रु है। यह न केवल स्वास्थ्य को नष्ट करता है बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को भी अंधकारमय बना देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पढ़ाई, खेलकूद और अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें तथा नशे जैसी बुरी आदतों से सदा दूर रहें।

निरीक्षक राजेंद्र कुमार ने कहा कि नशा शरीर ही नहीं बल्कि जीवन और समाज के लिए भी जहर है। आज के विद्यार्थी ही कल का भविष्य हैं, इसलिए नशामुक्त और स्वस्थ रहना ही देश की प्रगति और सुरक्षा की गारंटी है। उन्होंने विद्यार्थियों को “नशा छोड़ो, जीवन अपनाओ” का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। नशा मुक्ति टीम ने इस दौरान युवाओं को साइबर अपराध के खतरों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि आजकल अपराधी फोन कॉल या सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों की निजी जानकारी जैसे पासवर्ड या ओटीपी हासिल करने की कोशिश करते हैं। इसलिए हर व्यक्ति को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी अंजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।

Next Story