हरियाणा

Palwal: साइबर ठगों का नया तरीका, पार्ट-टाइम नौकरी के नाम पर बैंक खाता खुलवाया

Admindelhi1
29 July 2026 8:47 AM IST
Palwal: साइबर ठगों का नया तरीका, पार्ट-टाइम नौकरी के नाम पर बैंक खाता खुलवाया
x
पार्ट-टाइम जॉब के बहाने बैंक खाता खुलवाकर किया साइबर अपराध

पलवल: पार्ट-टाइम नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक के नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के अवैध लेनदेन में करने का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि डकौरा गांव निवासी सुमित ने शिकायत में बताया कि वह मैकेनिकल में डिप्लोमा कर रहा है और सेना भर्ती की तैयारी भी कर रहा है। इसी दौरान उसकी गांव निवासी घनश्याम से दोस्ती हुई। बाद में घनश्याम के भाई चतुरभुज ने उसे पार्ट-टाइम नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

आरोप है कि चतुरभुज ने वेतन खाते की जरूरत बताकर सुमित से होडल स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में नया खाता खुलवा दिया। खाते से लिंक कराने के लिए सुमित ने नया मोबाइल नंबर भी जारी कराया। खाता खुलने के बाद आरोपित सिम कार्ड, पासबुक और चेकबुक अपने साथ ले गया। डाक से एटीएम कार्ड मिलने पर वह भी अपने कब्जे में ले लिया।

पीड़ित के अनुसार, इसके बाद आरोपित नौकरी लगने का झांसा देकर लगातार टालमटोल करता रहा। कुछ समय बाद उसे जानकारी मिली कि उसके बैंक खाते के संबंध में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं और खाते का इस्तेमाल अवैध धनराशि के लेनदेन के लिए किया गया है। सुमित का कहना है कि उसने अपने बैंक खाते का कभी उपयोग नहीं किया और उसकी जानकारी के बिना आरोपित ने खाते का दुरुपयोग कर साइबर अपराध को अंजाम दिया। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Story