Palwal: प्रधानाध्यापक ने छात्रा से की अश्लील हरकत, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पलवल: हथीन थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में स्कूल के प्रधानाध्यापक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला तब सामने आया जब स्कूल की एक महिला अध्यापिका ने आरोपी को आपत्तिजनक स्थिति में छात्रा के साथ देख लिया।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 13 वर्षीय बेटी गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। स्कूल का हेड मास्टर लंबे समय से बच्ची के साथ अश्लील व्यवहार कर रहा था और उसे धमकाकर चुप रहने के लिए मजबूर करता था। डर की वजह से छात्रा ने यह बात किसी को नहीं बताई।
25 अप्रैल को आरोपी प्रधानाध्यापक ने छात्रा को अपने कक्ष में बुलाया और दुर्व्यवहार किया, तभी एक महिला अध्यापिका ने मौके पर पहुंचकर पूरा दृश्य देख लिया। अध्यापिका ने तुरंत बच्ची के परिजनों को सूचित किया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे और विरोध जताया।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।





