हरियाणा

Palwal: किसानों को जल्द मिलेगा भुगतान: उपायुक्त का भरोसा

Admindelhi1
2 April 2026 9:52 AM IST
Palwal: किसानों को जल्द मिलेगा भुगतान: उपायुक्त का भरोसा
x

पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में रबी फसल की खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बुधवार को होडल और हथीन की अनाज मंडियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने होडल में विधायक हरेंद्र सिंह तथा हथीन में विधायक मोहम्मद इसराइल के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने होडल मंडी में गेट पास जारी करने में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई और मार्केट कमेटी सचिव को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से संचालित हों।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खरीद प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से चले और खरीदी गई फसल का उठान समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि फसल में नमी हो तो उसे सही तरीके से सुखाया जाए तथा झारना लगाकर गुणवत्ता बनाए रखी जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

उन्होंने मंडियों में बारदाना, झारनों और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को मंडियों में सक्रिय रहकर कार्य करने और पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि किसानों को उनकी बेची गई फसल का भुगतान 72 घंटे के भीतर उनके खातों में हर हाल में किया जाए। फसल उठान में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि फसल खरीद प्रक्रिया से जुड़े नोडल अधिकारी प्रतिदिन मंडियों का निरीक्षण करें और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। किसानों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल अच्छी तरह सुखाकर ही मंडियों में लाएं, ताकि उन्हें बेहतर मूल्य मिल सके। वहीं आढ़तियों को भी निर्देश दिए गए कि गोदामों में पुराना स्टॉक न रखें, जिससे नई फसल की खरीद में कोई बाधा न आए। इस अवसर पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Next Story