हरियाणा

Palwal: विवाहिता के साथ दहेज विवाद, पति सहित पांच नामजद

Admindelhi1
10 March 2026 4:51 PM IST
Palwal: विवाहिता के साथ दहेज विवाद, पति सहित पांच नामजद
x
"पति समेत पांच पर केस"

पलवल: पलवल में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला थाना प्रभारी सीमा ने मंगलवार को बताया कि न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी मिथलेश ने शिकायत दी है कि उसकी शादी वर्ष 2013 में खैलकलां मोहल्ला निवासी विपिन पुत्र रतन सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, जिसमें एक कार, करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और अन्य घरेलू सामान शामिल था।

पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति विपिन, ससुर रतन सिंह, सास सीमा, बुआ अल्का और ददिया सास सौमोता दहेज को लेकर ताने देने लगे और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने लगे। पैसे न लाने पर उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी।

महिला ने बताया कि करीब तीन महीने पहले पति ने फिर से पैसे लाने की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे सास-ससुर ने भी उसके साथ मारपीट की और सास ने उसके बाल पकड़कर मुंह दबा दिया। इसके बाद देर रात पहने हुए कपड़ों में ही घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसके तीनों बच्चों को अपने पास रख लिया और दोबारा घर आने या शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद महिला ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति विपिन, ससुर रतन सिंह, सास सीमा, बुआ अल्का और ददिया सास सौमोता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story