Palwal: दस वर्षीय बच्ची के साथ आपराधिक घटना, मामले की जांच

पलवल: पलवल शहर थाना क्षेत्र के सोहन रोड स्थित मैरिज गार्डन में शादी समारोह के दौरान दस साल की बच्ची से छेड़छाड़ की शर्मनाक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। अज्ञात आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर बाथरूम ले जाकर गंदा काम किया। पुलिस ने मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार 11 फरवरी की देर रात पारिवारिक कार्यक्रम में मां-बेटी मौजूद थीं। बच्ची गार्डन में घूम रही थी, तभी एक व्यक्ति उसे बहकाकर बाथरूम ले गया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी, लेकिन दरवाजा खुला होने से बच्ची धक्का देकर भाग निकली। रोते हुए परिजनों को सारी वारदात बताई। परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन महेंद्र नामक व्यक्ति ने उसे अपना परिचित बताकर छुड़ाकर ले गया। 112 पुलिस टीम पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया।
शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी व महेंद्र के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी की तलाश में टीमें जुटी हैं तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि दोषी को शीघ्र गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाएगी। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है।





