
पलवल: पलवल जिले के दोस्तपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब राजूपुर गांव का रहने वाला धीरज दीवार फांदकर धर्मवीर के घर में घुस गया। घर में घुसते देख मोनू अपने चाचा अशोक के साथ शोर मचाने लगा और दोनों ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन आरोपी अचानक छूट गया और मोनू पर हमला कर दिया।
धीरज ने मोनू को जमीन पर गिरा दिया और उसके प्राइवेट पार्ट पर लगातार लातें मारनी शुरू कर दीं। इसी दौरान मोनू की बहन चेष्टा बचाव करने के लिए कमरे से बाहर आई, तो आरोपी ने उसे जोर से धक्का दे दिया। दीवार से सिर टकराने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घर के अन्य सदस्य सोनू और सुनीता मौके पर पहुंचे और आरोपी को दबोच लिया तथा पुलिस को सूचना दी। घायल मोनू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी धीरज आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और इससे पहले भी कई विवादों में शामिल रहा है। मृतक के चाचा अशोक की शिकायत पर चांदहट थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आखिर आरोपी घर में क्यों घुसा और हत्या जैसी वारदात को अंजाम क्यों दिया।





