हरियाणा

Palwal: पलवल में गैस कालाबाजारी पर कार्रवाई

Admindelhi1
23 March 2026 6:15 PM IST
Palwal: पलवल में गैस कालाबाजारी पर कार्रवाई
x
"पलवल में जांच अभियान तेज"

पलवल: जिले में एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में सोमवार को यह अभियान जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक महेश यादव के नेतृत्व में संचालित किया गया। निरीक्षण टीम में सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी महेश कुमार, निरीक्षक जयेश, राजीव तथा उपनिरीक्षक दिनेश और विकास शामिल रहे। टीम ने पलवल, हथीन और उटावड़ क्षेत्र के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार और ढाबों में औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान एलपीजी सिलेंडरों के उपयोग, स्टॉक और वितरण व्यवस्था की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का कहीं भी व्यावसायिक उपयोग न हो और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगे।

निरीक्षण के दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल न हों और एलपीजी सिलेंडरों का दुरुपयोग न करें। साथ ही लोगों को जागरूक करते हुए अफवाहों से दूर रहने की अपील भी की गई।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक महेश यादव ने बताया कि जिले में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

उन्होंने नागरिकों से संयम बनाए रखने, अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण न करने और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा हो सके और बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित बनी रहे।

Next Story