हरियाणा

Palwal: पलवल में सड़क हादसा श्रृंखला, चार की हालत गंभीर

Admindelhi1
10 March 2026 4:49 PM IST
Palwal: पलवल में सड़क हादसा श्रृंखला, चार की हालत गंभीर
x

पलवल: जिले के चांदहट थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक स्कूली छात्रा सहित आठ लोग घायल हो गए। इनमें चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला हादसा कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) एक्सप्रेस-वे पर कटेसरा अंडरपास के पास हुआ। गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) के देवटा गांव निवासी सौरभ भाटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने साथियों विपिन भाटी, सुबोध, प्रमोद, रविंद्र कुमार, बुलंदशहर निवासी नैतिक और पिकअप चालक विपिन के साथ मिलकपुर स्थित मोहन बाबा के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में विपिन भाटी, सुबोध और रविंद्र कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। पुलिस ने सौरभ भाटी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

दूसरी घटना बेला गांव के पास बसंतगढ़ स्थित शराब ठेके के समीप हुई। गांव बेला निवासी सुशीला कुमारी ने शिकायत में बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी, जो मोहन नगर स्थित न्यू दीप पब्लिक स्कूल में पढ़ती है, स्कूल से घर लौट रही थी। सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, बाद में उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के अनुसार छात्रा के अब तक चार ऑपरेशन हो चुके हैं और वह अभी तक होश में नहीं आई है। चांदहट थाना पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

Next Story