Palwal: पुलिस पर हमला करने के बावजूद पलवल में 20 गायों को छुड़ाया

पलवल: जिले में एवीटी स्टाफ हथीन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी के लिए ले जाए जा रहे 20 गौवंश को दो वाहनों से बरामद किया है। पुलिस ने मौके से चार गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
तस्करों ने पकड़ से बचने के प्रयास में पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की, जिसमें एक एएसआई और एक सिपाही को मामूली चोटें आईं। हथीन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एवीटी स्टाफ प्रभारी विश्व गौरव ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि एक सैंट्रो कार में गोवंश को नूंह ले जाया जा रहा है।
पुलिस और गो रक्षक टीम ने केएमपी पर कार को रोकने का प्रयासऐझं किया तो ड्राइवर ने तेजी से वाहन पुलिसकर्मियों की ओर मोड़ दिया। गाड़ी सड़क किनारे लगी ग्रिल से टकरा गई। पुलिस ने सैंट्रो कार से दो गोवंश को सुरक्षित छुड़वाया।
घटना के बाद पुलिस ने सैंट्रो कार में सवार नूंह जिले के जोधनीया गांव निवासी इमरान, फिरोजपुर नमक गांव निवासी मुरसील, साहपूर नंगली गांव निवासी नदीम और पल्ला गांव निवासी मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर दो गोवंश को कब्जे में लिया गया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक कंटेनर में भी बड़ी संख्या में गोवंश को गोकशी के लिए ले जाया जा रहा है। पुलिस ने गो रक्षकों के साथ मिलकर केएमपी पर नाकाबंदी की। बताए गए कंटेनर को आता देख पुलिस ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन ड्राइवर ने कंटेनर को पुलिस पर चढ़ाने का प्रयास किया। तेज रफ्तार कंटेनर ग्रिल से टकराकर रुक गया। मौके का फायदा उठाकर उसमें सवार तस्कर अंधेरे में खेतों की ओर भाग निकले।
कंटेनर की जांच में पुलिस ने 18 गोवंश को सुरक्षित छुड़ाया। फरार तस्करों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई के दौरान एएसआई वीरेंद्र को हल्की चोटें आईं, जिसके आधार पर एएसआई की तहरीर पर हथीन थाना पुलिस ने चार नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।





