हरियाणा

Nuh: मुख्यमंत्री की रैली पर कांग्रेस का निशाना, घोषणाओं को बताया गुमराह करने वाला

Admindelhi1
25 July 2026 7:18 PM IST
Nuh: मुख्यमंत्री की रैली पर कांग्रेस का निशाना, घोषणाओं को बताया गुमराह करने वाला
x
सीएम की विकास रैली पर कांग्रेस का हमला, वादों पर उठाए सवाल

नूंह: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पुन्हाना अनाज मंडी में आयोजित विकास संकल्प रैली के बाद नूंह से कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने रैली को लेकर सवाल उठाते हुए भाजपा पर जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

आफताब अहमद ने कहा कि एक दल बदलकर भाजपा में शामिल हुए विधायक के बेटे द्वारा आयोजित जनसभा से जनता को किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विधायक ने जनता के विश्वास और जनादेश के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें वास्तव में जनसमर्थन है तो पहले विधायक पद से इस्तीफा दें और फिर जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ें।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि कांग्रेस के टिकट पर विधायक बनने के बाद भाजपा में शामिल हुए पिता-पुत्र पहले से ही दल बदलने की राजनीति करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चौधरी मोहम्मद इलियास ने पहले अपने बेटे चौधरी जावेद खान को जननायक जनता पार्टी का जिला अध्यक्ष बनाया, उसके बाद कांग्रेस में वापसी कराई और अब भाजपा में शामिल करा दिया।

आफताब अहमद ने भाजपा पर खरीद-फरोख्त की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यसभा सांसदों, लोकसभा सांसदों और विधायकों को अपने पक्ष में कर भाजपा हर हाल में सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के जनादेश के खिलाफ है।

मुख्यमंत्री द्वारा विकास संकल्प रैली में की गई घोषणाओं पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका कहना था कि जिन योजनाओं और कार्यों की घोषणा की गई, उनमें से कई पहले से ही स्वीकृत या शुरू हो चुके हैं, जबकि कुछ घोषणाएं केवल जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को नई घोषणाएं करने के बजाय पहले अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना चाहिए।

आफताब अहमद ने कहा कि जनता अब केवल घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि धरातल पर विकास और किए गए वादों के क्रियान्वयन का हिसाब भी मांगेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से निराश है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

Next Story