NCR Gurugram: थाना पुलिस ने शराब पीकर हुड़दंग मचाने पर सात युवकों को गिरफ्तार किया

गुरुग्राम: होली के दिन शराब पीकर हुड़दंग मचाने और रोड ब्लॉक करने पर पालम विहार थाना पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सातों आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
14 मार्च को पालम विहार थाना की पुलिस टीम गश्त कर रही थी। पुलिस टीम ने देखा कि कुछ युवकों ने रेजांगला रोड से सेक्टर-22 की ओर जाने वाली सड़क को गमलों से ब्लॉक कर रखा था। युवक शराब भी पी रहे थे। पुलिस टीम ने युवकों को सड़क खाली करके चले जाने की हिदायत दी। पुलिस टीम को कुछ देर बाद ही उसी सड़क पर वह युवक आपस में हाथापाई, लड़ाई-झगड़ा करते हुए मिले। शराब पीकर हुड़दंग करने पर पुलिस ने युवकों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी अंकित, अमरोहा के सचिन, एटा निवासी रवि कुमार, बरेली निवासी राहुल, बदायूं निवासी सीताराम, रेवाड़ी निवासी अर्जुन और गुरुग्राम के कार्टरपुरी निवासी कृष्ण के रूप में हुई। पुलिस ने सरेआम शराब पीकर हुड़दंग करने, रोड ब्लॉक करने व लड़ाई-झगड़ा करने पर आरोपियों के खिलाफ पालम विहार थाना में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की है।





