
गोहाना (सोनीपत)। रोहतक रोड स्थित महाराज दक्ष प्रजापति द्वार के पास मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होने से टल गया। गांव गढ़ी उजाले खां निवासी छात्र दीपक दोस्त की थार गाड़ी लेकर रोहतक जा रहा था। इसी दौरान ड्रेन नंबर-8 के पुल पर गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब पांच फीट गहरी ड्रेन में जा गिरी।
हादसे के बाद ड्रेन में पानी भरा होने के कारण स्थिति गंभीर हो गई। दीपक ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी का शीशा तोड़ा और बाहर निकल आया। बाहर आने के बाद वह थार की छत पर खड़ा होकर मदद का इंतजार करने लगा।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर छात्र को बचाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से दीपक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में छात्र को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद ड्रेन में गिरी थार गाड़ी को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार या अचानक नियंत्रण बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों की तत्परता और छात्र की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।





